लगातार जारी बारिश में उत्तर प्रदेश के 36 जिले बाढ़ से प्रभावित

प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी है। पिछले दो दिनों में थमी बरसात ने सोमवार सुबह से ही ज़ोर पकड़ा है और लखनऊ सहित प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने, निचले इलाकों में पानी भराव से बचने और बिजली गिरने के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी है।

लगातार जारी बारिश में उत्तर प्रदेश के 36 जिले बाढ़ से प्रभावित

हालाँकि रविवार को बारिश का ज़ोर थोड़ा कम होने और धूप निकलने से अधिकतम तापमान 2.6 डिग्री बढ़कर 34.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान एक डिग्री बढ़कर 26.4 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया।

बताते चलें कि पहली जून से 392.9 मिमी बारिश हो चुकी है, जो औसत से करीब 5 मिमी ज्यादा है। बारिश को लेकर मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह का कहना है कि लखनऊ में 13 अगस्त तक लगातार मध्यम से भारी बारिश होने के आसार हैं।

विभाग ने अगले दो दिन यानी 12 और 13 अगस्त को भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। साथ ही 25 जिलों में भारी बारिश और 50 जिलों में बादल गरजने और बिजली गिरने को लेकर चेतावनी जारी की गई है। अलर्ट वाले जिलों में सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, बरेली, लखीमपुर खीरी, गोरखपुर, आगरा, मथुरा समेत अन्य जिले शामिल हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, इस समय प्रदेश के 36 जिलों की 92 तहसीलें और 1,877 गांव बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। इन इलाकों में बाढ़ से 6,42,913 लोग प्रभावित हैं। प्रदेश में भारी बारिश के कारण 61,852 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्रफल बाढ़ की चपेट में आया है।

इस भारी बारिश के चलते प्रदेश के 36 जिले बाढ़ से प्रभावित हैं। इनमें उन्नाव और बाराबंकी सहित अयोध्या, बहराइच, बस्ती, कासगंज, हरदोई, मुरादाबाद, मुजफ्फनगर, शाहजहांपुर, भदोही, श्रावस्ती, फर्रुखाबाद, मेरठ, हापुड़, गोरखपुर, गोंडा, बिजनौर, बदायूं, कानपुर नगर, लखीमपुर खीरी, आगरा, औरैया, चित्रकूट, बलिया, बांदा, गाज़ीपुर, मीरजापुर, प्रयागराज, वाराणसी, चंदौली, जालौन, कानपुर देहात, हमीरपुर, इटावा और फतेहपुर शामिल हैं।

आंचलिक माैसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी में कहा गया है कि बंगाल की खाड़ी में एक नया वेदर सिस्टम बन रहा है। इसके असर से खाड़ी से पूर्वा हवाएं पर्याप्त मात्रा में नमी लेकर पूर्वी यूपी में प्रवेश करेंगी और पूर्वी यूपी से शुरू होकर पूरे प्रदेश में दोबारा अच्छी बारिश की परिस्थितियां बनेंगी।

विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में हवा के कम दबाव का नया क्षेत्र बन रहा है। इसके असर से खाड़ी से पूर्वा हवाएं पर्याप्त मात्रा में नमी लेकर आएंगी। ऐसे में 13 से 15 अगस्त के बीच बारिश में तेजी आने के आसार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *