उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना सफलता का मार्ग बनाने में सफल हुई है। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) परीक्षा 2024 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा शुरू की गई योजना से जुड़े 14 अभ्यर्थियों ने सफलता प्राप्त की है।

कामयाब अभ्यर्थियों में सबसे ख़ास उपलब्धि श्याम यादव ने हासिल की। उन्होंने ऑल इंडिया रैंक-2 पर सफलता प्राप्त की। राज्य के समाज कल्याण मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने सभी सफल अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी के विजन के मुताबिक यह योजना अब प्रदेश के युवाओं के सपनों को पंख दे रही है। इस योजना को एक परिवर्तनकारी पहल बताते हुए उन्होंने कहा कि यह योजना उत्तर प्रदेश को सक्षम युवा देने की दिशा में कार्य कर रही है।
अभ्युदय योजना वर्ष 2021 में शुरू की गई थी और अब तक प्रदेश के 75 जिलों में 166 प्रशिक्षण केंद्रों के माध्यम से चलाई जा रही है। योजना का उद्देश्य आईएएस, पीसीएस, नीट, जेईई, एनडीए, सीडीएस, सीयूईटी और सीएपीएफ जैसी प्रमुख प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए समाज के हर वर्ग के प्रतिभाशाली युवाओं को मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण कोचिंग देना है।
अभ्युदय योजना के तहत ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है और अब तक 87,000 से अधिक युवा लाभान्वित हो चुके हैं। इनमें से 1,100 से अधिक अभ्यर्थी विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल भी हुए हैं।
श्याम यादव के अलावा परीक्षा पास करने वाले 13 अन्य अभ्यर्थियों के नाम और रैंक इस प्रकार हैं-
प्रतीक वर्मा (रैंक 61),
अभिषेक मिश्रा (77),
अनूप कुमार (106),
सत्यपाल सिंह यादव (133),
दिव्या सिंह परिहार (166),
हिमांशु मौर्या (197),
मितेंद्र श्रीवास्तव (208),
रोहित वर्मा (224),
ललित सिंह (225),
हिमांशु सिंह (297),
मंगलदीप पाल (313),
रुपाली सिंह (365),
शिवम आनंद (379)
इस योजना के माध्यम से अभ्यर्थियों को मार्गदर्शन, मॉक इंटरव्यू और उत्तम स्टडी मटेरियल तो प्रदान किया ही जाता है साथ ही यह माध्यम उनका आत्मविश्वास बढ़ाने और दिशा तय करने में भी सहायता करता है।













