मध्य प्रदेश में गिद्धों की संख्या में बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। वर्तमान में मध्य प्रदेश, देश में सबसे अधिक गिद्धों वाला राज्य बन गया है।
मध्य प्रदेश देश में सबसे अधिक गिद्धों वाला राज्य बन गया है। वन विभाग द्वारा इस वर्ष होने वाली गणना के अनुसार, प्रदेश में गिद्धों की संख्या बढ़कर 12,981 हो गई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, डाटा संकलन का कार्य वन विहार राष्ट्रीय उद्यान भोपाल में किया गया। पहले चरण में इस वर्ष 17, 18 और 19 फरवरी को वन विभाग के 16 वृत्त, 64 डिवीजन और 9 संरक्षित क्षेत्रों में गिद्ध गणना कराई गई थी।
वन विभाग के जानकारों का कहना है कि गिद्धों की गणना करने के लिए शीत ऋतु का अंतिम समय सबसे मुनासिब होता है। उनका मानना है कि इस समय स्थानीय और प्रवासी गिद्धों की गिनती आसानी से की जा सकती है।
गिद्धों को गिने जाने का काम वन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों, डब्ल्यूआईआई भोपाल के प्रतिभागियों, स्वयंसेवकों और फोटोग्राफरों के सहयोग से किया गया।
गिद्धों की गणना करते समय घोंसलों के आसपास बैठे गिद्धों और उनके नवजातों की गणना के समय इस बात का ध्यान रखा गया कि केवल आवास स्थलों पर बैठे हुए गिद्धों को ही गिना जाए।
प्रदेश में गिद्धों की संख्या के हवाले से साल 2016 में पहली गणना कराई गई थी। उस समय गणना के दौरान प्रदेश में गिद्धों की कुल 7 प्रजातियां पाई गईं, इनमें से 4 प्रजातियां स्थानीय और 3 प्रजातियां प्रवासी हैं।