विजय देवरकोंडा की ‘किंगडम’ 31 जुलाई यानी आज रिलीज हो रही है। इस फिल्म के बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत के रुझान सामने आने लगे हैं। मेकर्स द्वारा हाल ही में फिल्म का ट्रेलर रिलीज किए जाने के बाद गौतम तिन्नानुरी निर्देशित इस फिल्म के जोश का अंदाज़ा इसकी एडवांस बुकिंग से लगाया जा सकता है।

फिल्म की रिलीज से पहले आइए एक नजर डालें फिल्म की एडवांस बुकिंग के उन आंकड़ों पर जो इसके लोकप्रय होने की दलील दे रहे हैं। सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘किंगडम’ की एडवांस बुकिंग कुछ दिन पहले ही शुरू हुई है और अब तक का रुझान बेहतरीन रहा है।
‘किंगडम’ ने पहले दिन की प्री-सेल (पेड प्रीमियर सहित) दुनिया भर में लगभग 13 करोड़ रुपये की है। इसमें ओवरसीज मार्केट की लगभग 5 करोड़ रुपये की कमाई शामिल है। बताया जा रहा है कि यह हाल के दिनों में किसी नॉन-सुपरस्टार तेलुगु फिल्म के लिए सबसे बड़ी कमाई है।
सैकनिल्क की शुरुआती रिपोर्ट से पता चलता है कि विजय देवरकोंडा की ‘किंगडम’ दुनिया भर में 30 करोड़ से ज्यादा की कमाई के साथ शुरुआत करने के रुझान दे रही है। लोगों की प्रतिक्रिया सकारात्मक होने पर यह संख्या और भी बढ़ सकती है।
ओवरसीज़ बुकिंग की बात करें तो यूएसए प्रीमियर की प्री-सेल लगभग 800 शो से 485,000 डॉलर रही। यह हाल के दिनों में सबसे अच्छी ऑक्यूपेंसी में से एक है। वहीँ बुकमाईशो पर टिकटों की बढ़ती बिक्री से लेकर उत्तरी अमरीका में रिकॉर्ड तोड़ प्री-सेल तक विजय देवरकोंडा की स्पाई एक्शन थ्रिलर वाली किंगडम को मल्टी लैंग्वेज रिलीज का भरपूर लाभ मिल रहा है।
सैकनिल्क की रिपोर्ट से पता चलता है कि ‘किंगडम’ की आखिरी ओपनिंग डे प्री-सेल्स से प्रीमियर सहित लगभग 18-20 करोड़ रुपये की कमाई होने की उम्मीद है। कहा जा रहा है कि ये बुकिंग इतनी बड़ी होंगी कि विजय देवरकोंडा के लिए सबसे बड़ी ओपनिंग साबित होगी। बताते चलें कि अभिनेता की हालिया सबसे बड़ी ओपनर फिल्म कुशी है, जिसने दुनिया भर में लगभग 26 करोड़ रुपये की कमाई की है।
यह फिल्म निश्चित रूप से साल की किसी भी तेलुगु फिल्म के लिए टॉप 5 सबसे बड़ी ओपनिंग वाली फिल्मों में शुमार हो सकती और अगर सब कुछ ठीक रहा, तो यह टॉप 3 सबसे बड़ी ओपनिंग वाली फिल्मों में भी शामिल हो सकती है.
सीबीएफसी यानी केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड की ओर से ‘किंगडम’ को यू/ए सर्टिफिकेट दिया गया है। फिल्म को 16 साल या उससे अधिक उम्र वाले लोग देख सकते हैं। फिल्म की रनटाइम की बात करें तो यह 2 घंटे 40 मिनट की है।















