आज देशभर में रंगो का त्योहार होली धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस बार होली का पर्व रमजान महीने के बीच में पड़ रहा है। इस मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु सहित कई नेताओं और अन्य सेलिब्रिटी ने देशवासियों को होली की बधाई दी।
उत्तर प्रदेश में होली के अवसर पर पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया- “आज यहां पर विभिन्न जुलूस निकाले जाएंगे। 2.30 बजे से पहले शहर के तमाम इलाकों में होली खेली जाएगी। 2.30 बजे के बाद सभी लोग जुम्मे की नमाज भी अदा करेंगे।”
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “रंगों के त्योहार होली के पावन अवसर पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। हर्षोल्लास का यह पर्व एकता, प्रेम और सद्भाव का संदेश देता है। यह त्योहार भारत की अनमोल सांस्कृतिक विरासत का भी प्रतीक है। आइए, इस शुभ अवसर पर हम सब मिलकर भारत माता की सभी संतानों के जीवन में निरंतर प्रगति, समृद्धि और खुशियों के रंग भरने का संकल्प लें।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को दिए अपने सन्देश में कहा- ”आप सभी को होली की ढेरों शुभकामनाएं। हर्ष और उल्लास से भरा यह पावन-पर्व हर किसी के जीवन में नई उमंग और ऊर्जा का संचार करने के साथ ही देशवासियों की एकता के रंग को और प्रगाढ़ करे, यही कामना है।”
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने होली की शुभकामना देते हुए एक्स पर लिखा- ”रंग, उमंग, उत्साह और तरंग के पावन पर्व होली की आप सभी को शुभकामनाएं! होली का पर्व एकता का संदेशवाहक है, जो हमें प्रेम और सौहार्द के साथ सद्भाव के मार्ग पर चलने की प्रेरणा प्रदान करता है। प्रभु श्री राम से कामना है कि यह पर्व आप सभी के जीवन को सुख, समृद्धि व नव उमंग के विविध रंगों से परिपूर्ण करें।”
रमजान और होली की मुबारकबाद देते हुए उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा- “होली के पावन पर्व पर मैं पूरे प्रदेश वासियों को बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं। रमजान का पवित्र महीना चल रहा है और होली का पावन अवसर है। हम सब मिल कर प्रेम और सौहार्द के साथ पूरे प्रदेश में दोनों त्योहारों को मना रहे हैं।”
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, “मैं अपने देश व प्रदेशवासियों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं दूंगा. जो भाजपा विरोधी दल हैं मैं उन्हें भी होली की बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं. यह(होली समारोह और जुम्मा की नमाज एकसाथ होना) अनेक बार हुआ है और कहीं कोई तनाव नहीं है।”
प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा- “रंग, उमंग, उत्साह, उल्लास, बंधुत्व, बराबरी और मेलजोल के महापर्व होली की हार्दिक शुभकामनाएं। होली खेलते हुए हर किसी को प्यार से गले लगाइए। अपने परिवार, समाज और हर देशवासी के साथ खुशियां बांटिए। आप सबके लिए होली शुभ हो!”
होली समारोह और जुम्मा नमाज के मद्देनजर पुलिस और सुरक्षा बलों द्वारा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। संभल के सीओ अनुज चौधरी का कहना है- “पुलिस द्वारा पैदल पेट्रोलिंग की जा रही है। ड्रोन की मदद से भी निगरानी रखी जा रही है।”