भारत-वेस्टइंडीज चौथा टेस्ट, दूसरे दिन का खेल बारिश से धुला

पोर्ट आफ स्पेन। भारत और वेस्टइंडीज के बीच चौथे और आखिरी क्रिकेट टेस्ट के दूसरे दिन बारिश और मैदान गीला होने की वजह से एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी। मैच के दो दिन के खेल में अबतक सिर्फ 22 ओवर का खेल हुआ है, जिसमें वेस्टइंडीज ने दो विकेट पर 62 रन बनाए हैं।

india-vs-west-indies

अंपायरों ने कई बार निरीक्षण करने के बाद मैदान को खेलने के लिए सही नहीं पाया। जिसके बाद दिन का खेल रद्द कर देना पड़ा। शुक्रवार रात दो बार तेज आंधी और बारिश होने की वजह से ये तय हो गया था कि शनिवार को निर्धारित समय पर मैच शुरू नहीं हो पाएगा। शनिवार की सुबह से धूप खिली थी, लेकिन जरूरी उपकरणों की कमी के कारण मैदान को तैयार नहीं किया जा सका।

स्थानीय समयानुसार सुबह 11 बजे पहले निरीक्षण के बाद अंपायरों ने दोपहर एक बजे दूसरा निरीक्षण किया। दिन का आखिरी निरीक्षण दोपहर ढाई बजे हुआ। जिसके बाद दिन का खेल रद्द कर दिया गया, क्योंकि आउटफील्ड कई जगह गीली थी और साथ ही दोनों छोर पर गेंदबाजों के रनअप वाला हिस्सा भी गीला था। खेल के पहले दिन भारत ने लियोन जानसन 9 और डेरेन ब्रावो को 10 रन पर पवेलियन भेजा था। जिसके बाद बारिश की वजह से खेल रोकना देना पड़ा। क्रेग ब्रेथवेट 32 जबकि मार्लन सैमुअल्स चार रन बनाकर खेल रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *