केलांग में न्यूनतम पारा शून्य से 10 डिग्री नीचे होने से झीलें जमी

शिमला 18 दिसंबर : हिमाचल प्रदेश सहित मैदानी इलाकों में धूप खिलने के बावजूद ठंड का कहर जारी है। जनजातीय लाहुल-स्पीति जिला के मुख्यालय केलांग में न्यूनतम पारा शून्य से 10 डिग्री नीचे चला गया है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक़ अगले दो तीन दिनों तक प्रदेश के अधिकांश स्थानों में घना कोहरा छाए रहने के साथ रात को शीतलहर चलने की संभावना है। इसकी पुष्टि मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डाॅ मनमोहन सिंह ने की है।

डाॅ मनमोहन सिंह ने बताया कि पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 से 4 डिग्री कम रहा और अधिकतम तापमान दो से तीन डिग्री कम रिकार्ड किया गया। इन दिनों प्रदेश के लोगों को अत्यधिक शीत लहर की स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। काजा सहित लाहौल स्पीति की ऊंची चोटियों पर न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 18 से 20 डिग्री तक पहुंच गया है। जिससे चंद्रभागा झील जम गई है।

ठंड के के कारण पांच जिलों का रात का पारा माइनस और पांच अन्य जिलों का शून्य डिग्री के करीब पहुंच गया है। मंडी, किन्नौर, कुल्लू, कांगडा और सोलन जिलों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चला गया है। इन जिलों में कई जगहों पर पानी की पाइप लाइन जम गई। मैदानी भागों में घने कोहरे की दस्तक से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। इससे वाहनों को आवाजाही में दिक्कतें हो रही है।

किन्नौर के कल्पा में शून्य से कम 4.4, पर्यटन स्थल मनाली शून्य से कम 1.0, सोलन शून्य से कम 1.2 डिग्री, भुंतर शून्य से कम 1.4, मडी जिले के सुंदरनगर शून्य से कम 2.2, कांगडा शून्य से कम 0.1 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके साथ ही मंडी में 1.0, कांगडा के पालमपुर में 0.1, धर्मशाला 2.4, चंबा 0.4 व डलहौजी में 3.4 और शिमला जिला के कुफरी में 4.4 और राजधानी में 4.6 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि उना में 0.0, हमीरपुर में 2.2, बिलासपुर 2.5 और नाहन में 6.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *