भारत, ईरान, रूस और तुर्की जैसे देशों को भी अफगानिस्तान में लड़ना होगा- ट्रम्प

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को अफगानिस्तान में आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। ट्रंप ने आगाह किया कि भारत, ईरान, रूस और तुर्की जैसे देशों को कभी-न-कभी अफगानिस्तान में आतंकवादियों से लड़ना होगा।

इंडिया टीवी न्यूज़ डॉट कॉम के अनुसार, उन्होंने कहा कि केवल अमेरिका ही करीब 7,000 मील दूर आतंकवाद से लड़ने का काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि बाकी के देश फिलहाल अफगानिस्तान में आतंकवादियों के खिलाफ लड़ाई के लिए बहुत ही कम कोशिश कर रहे हैं।

अफगानिस्तान में इस्लामिक स्टेट के फिर से उभरने के सवाल पर ट्रंप ने व्हाइट हाउस में कहा, ‘कभी-न-कभी रूस, अफगानिस्तान, ईरान, इराक, तुर्की को अपनी लड़ाई लड़नी होगी।

हमने पूरी तरह से खिलाफत को खत्म कर दिया। मैंने यह रिकॉर्ड समय में किया है, लेकिन ये सभी अन्य देश जहां इस्लामिक स्टेट उभर रहा है, कभी न कभी उससे प्रभावित हुए हैं। इन सभी देशों को उनसे लड़ना होगा क्योंकि क्या हम और 19 साल वहां रूकना चाहते हैं? मैं नहीं समझता हूं कि ऐसा है।’

ट्रंप ने कहा कि अमेरिका 7,000 मील दूर होने के बावजूद अफगानिस्तान में आतंकियों से लड़ रहा है जबकि भारत और पाकिस्तान करीब होने के बावजूद ऐसा नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘देखिए भारत वहीं पर है, लेकिन वे लड़ाई नहीं लड़ रहे, हम लड़ रहे हैं।

पाकिस्तान तो अफगानिस्तान का पड़ोसी है, लेकिन वह भी इस लड़ाई में थोड़-बहुत ही हिस्सा ले रहा है, और यह बेहद कम है। यह सही बात नहीं है।’ आपको बता दें कि अमेरिका फिलहाल अफगानिस्तान से निकलने की कोशिश में है लेकिन मौजूदा हालात को देखकर लगता है कि ऐसा करना उसके लिए आसान नहीं होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *