रंग-बिरंगी लाइटों और लेज़र शो के साथ चीन में नदी के नीचे निराली ट्रेन यात्रा

चीन के शहर शंघाई में हुआंगपु नदी के नीचे से गुज़रती एक अनोखी ट्रेन का वीडियो सोशल मीडिया पर सबका ध्यान खींच रहा है। शंघाई में यात्री हुआंगपु नदी के एक किनारे से दूसरे किनारे तक पानी के नीचे बनी सुरंग से जाते हैं। यह शंघाई आने वाले पर्यटकों के लिए एक बेहद लोकप्रिय आकर्षण बन चुका है, जो साधारण सी इंफ्रास्ट्रक्चर यात्रा को एक यादगार मनोरंजन में बदल देता है।

इस छोटी यात्रा को खास बनाने के लिए सुरंग में रंग-बिरंगी एलईडी लाइटें और लेज़र प्रोजेक्शन लगाए गए हैं। इस टूरिस्ट रूट को ‘बंड साइट टनल’ कहा जाता है, जो शंघाई के ऐतिहासिक इलाके बंड को नदी के दूसरी तरफ़ पुडोंग के मॉडर्न बिज़नेस डिस्ट्रिक्ट से जोड़ता है।

पानी के नीचे ट्रेन अनोखे सफ़र की बात करें तो पता चलता है कि ये कोई आम मेट्रो ट्रेन नहीं हैं, बल्कि ऑटोमैटिक केबल से चलने वाली छोटी पैसेंजर कारें हैं, जिनका इस्तेमाल खास तौर पर इस टूरिस्ट रूट के लिए किया जाता है। इस सुरंग की लंबाई लगभग 646.7 मीटर है, जबकि आमतौर पर एक किनारे से दूसरे किनारे तक पहुँचने में 3 से 5 मिनट लगते हैं।

सफर के दौरान यात्री ‘टाइम टनल’, ‘वोर्टेक्स’, ‘लावा इरप्शन’ और ‘डीप सी एक्सप्लोरेशन’ जैसे अलग-अलग काल्पनिक दृश्यों से होकर गुजरते हैं, जो ऐसा अहसास कराते हैं जैसे आप पृथ्वी के केंद्र या किसी दूसरी दुनिया की सैर कर रहे हों।

इस यात्रा के लिए बिना ड्राइवर वाली, पूरी तरह से पारदर्शी ग्लास कैरिज (SK कार) का उपयोग किया जाता है, जिससे यात्री 360-डिग्री का पूरा नजारा देख सकते हैं। यात्रा के दौरान इसमें सवार यात्रियों को टनल की दीवारों पर बदलते रंग, दिलचस्प लाइट पैटर्न और लेज़र विज़ुअल इफ़ेक्ट दिखते हैं, और ऐसा लगता है जैसे यात्री किसी साइंस फिक्शन फ़िल्म की दुनिया में आ गए हों।

इस ट्रेन के सफर के लिए एक टिकट की कीमत में दिलचस्पी रखने वालों को बड़ा दें कि रिपोर्ट के अनुसार, इस टूरिस्ट टनल में एक तरफ़ का टिकट 50 चीनी युआन का है। जबकि आने-जाने का टिकट 70 युआन का है। भारतीय करेंसी में यह राशि 700 रुपये से एक हज़ार तक हो सकती है। जबकि 1.3 मीटर तक के बच्चों के लिए एंट्री आधी कीमत पर है। ये कीमतें रिपोर्ट में दी गई हैं और समय के साथ बदल सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *