मैं इंडिया गठबंधन के हर उस सांसद का शुक्रगुज़ार हूं, जो हमारे लोकतंत्र की रक्षा के लिए मज़बूती से खड़ा है: नेता प्रतिपक्ष

निर्वाचन आयोग के खिलाफ जारी प्रदर्शन के तहत कांग्रेस की तरफ से आज ‘काला दिवस’ मनाने की घोषणा की गई है। देश भर में प्रदर्शन का आह्वान किया गया है। एक तरफ विपक्ष ‘वोट चोरी’ का आरोप लगा रहा है और दूसरी तरफ चुनाव आयोग और भाजपा इन आरोपों को खारिज कर चुके हैं।

विपक्षी नेताओं मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के ख़िलाफ़ आज यानी 8 अक्तूबर को देश भर में प्रदर्शन का एलान किया है। कांग्रेस पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म पर संदेश साझा किया है कि पार्टी देश भर में भारतीय लोकतंत्र के लिए ‘काला दिवस’ मनाएगी।विपक्ष की मांग है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफ़ा दें।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग मामले में प्रदर्शन के दौरान विपक्षी इंडिया गठबंधन के सांसदों के साथ कथित बदसलूकी के विरोध में आज ‘काला दिवस’ मनाने का फैसला किया है। इसके तहत राज्य, जिला और ब्लॉक स्तर पर प्रदर्शन किए जाएंगे।

सांसदों के साथ बदसलूकी का आरोप लगाते हुए कांग्रेस महासचिव ने एक पत्र के माध्यम से बताया कि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और इंडिया गठबंधन पर लाठीचार्ज किया गया, जिसमें कई नेता घायल हो गए। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष और निर्वाचित जनप्रतिनिधियों पर होने वाली इस कार्रवाई को ‘संविधान पर हमला’ बताया है। हालांकि बाद में इन सभी को रिहा कर दिया गया।

राहुल गांधी ने रिहा होने के बाद एक्स पर पोस्ट किया, ‘मैं इंडिया गठबंधन के हर उस सांसद का शुक्रगुज़ार हूं, जो हमारे लोकतंत्र की रक्षा के लिए मज़बूती से खड़ा है-संसद में, सड़कों पर और आज जंतर-मंतर के पास। वे मार्च रोक सकते हैं। बैठक से इनकार कर सकते हैं। लेकिन वे हमारे लोगों की इच्छा को नहीं रोक सकते। नरेंद्र मोदी, अमित शाह, ज्ञानेश कुमार और पूरी व्यवस्था को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा।’

बीते दिन बुधवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सहित कई विपक्षी नेताओं को हिरासत में ले लिया गया था। इन सभी को ज्ञानेश कुमार के ख़िलाफ़ प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिया गया।

गौरतलब है कि समूचा विपक्ष इस समय एकजुट होकर सड़कों पर आ गया है। इंडिया गठबंधन मिलकर लगातार दिल्ली में प्रदर्शन कर रहा है। इन सभी विपक्षी दलों की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की जा रही है। बताते चलें कि वोट की मामले में 10 अक्तूबर को कॉकरोच जनता पार्टी ने ज्ञानेश कुमार के ख़िलाफ़ प्रदर्शन का एलान किया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बुधवार को कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्षों को भेजे पत्र में कहा कि पार्टी की सभी राज्य, जिला और ब्लॉक-मंडल इकाइयां आठ अक्टूबर को विरोध प्रदर्शन आयोजित करें। इसके जरिए मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को और ज़ोरदार तरीके से उठाने की तैयारी है।

खबर के मुताबिक़, पत्र में यह भी कहा गया है कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन के सांसद निर्वाचन आयोग से जवाबदेही की मांग को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से जंतर-मंतर की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन उन्हें रोक दिया गया और कथित तौर पर बल प्रयोग किया गया।

सांसदों के साथ बदसलूकी का आरोप लगाते हुए कांग्रेस महासचिव ने कहना है कि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और इंडिया गठबंधन पर लाठीचार्ज किया गया, जिसमें कई नेता घायल हो गए। केसी वेणुगोपाल ने इसे नेता प्रतिपक्ष और निर्वाचित जनप्रतिनिधियों पर होने वाली इस कार्रवाई को ‘संविधान पर हमला’ बताया है। हालांकि बाद में इन सभी को रिहा कर दिया गया।

प्रियंका गांधी ने भी पुलिस पर बदसलूकी का आरोप लगाते हुए कहा, ‘चुनाव आयुक्त से मिलने जा रहे सांसदों के साथ वो कैसा बरताव कर रहे हैं। वो हम सांसदों की पिटाई कर रहे हैं। पुलिस वालों ने मुझे कई जगह खरोंच पहुंचाई। उन्होंने हमें धक्का देकर ज़मीन पर गिरा दिया। अब तो हम यहां से नहीं हटने वाले। मैं यहां से नहीं हटूंगी।’

बताते चलें कि राहुल गांधी सहित समूचा विपक्ष चुनावी वोटर लिस्ट में कथित गड़बड़ी को लेकर लगातार ‘वोट चोरी’ का आरोप लगा रहा है। दूसरी तरफ चुनाव आयोग और भारतीय जनता पार्टी इन आरोपों को खारिज कर चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *