बॉक्स ऑफिस पर फिल्म स्पाइडरमैन के धमाकेदार प्रदर्शन का अंदाज़ा इसके दो दिन के कलेक्शन लगाया जा सकता है। भारतीय दर्शकों की बात करें तो इस फिल्म की कमाई ने शाहररुख खान और रणवीर सिंह की फिल्मों को पछाड़ दिया है।
भारत के बॉक्स ऑफिस पर इस समय हॉलीवुड की सुपरहीरो फिल्म ‘स्पाइडर-मैन’ का जलवा साफ देखा जा सकता है। टॉम हॉलैंड की इस नई सुपरहीरो फिल्म ने भारत में रिलीज के केवल दो दिनों में 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है।
इसके अलावा भी फिल्म ने कामयाबी के नए कीर्तिमान रचे हैं। टॉम हॉलैंड की चौथी सोलो फिल्म ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ ने भारत में 60.60 करोड़ (नेट) की ओपनिंग की जो किसी भी हॉलीवुड फ़िल्म के लिए अब तक की सबसे बेहतरीन ओपनिंग है, जिसने 2019 में मार्वल की बड़ी फिल्म ‘एवेंजर्स: एंडगेम’ का रिकॉर्ड तोड़ा है।
सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ ने रिलीज़ के दूसरे दिन यानी शुक्रवार को भारत में 49.35 करोड़ (नेट) की कमाई की, जिससे भारत में इसकी दो दिनोंकी कुल नेट कमाई 109.95 करोड़ हो गई।
ख़ास बात यह है कि भारत में यह फिल्म अपने इंग्लिश वर्जन से जबरदस्त कमाई कर रही है। भारत में इसकी कुल कमाई में सबसे ज़्यादा 60 करोड़ का कॉन्ट्रिब्यूशन दिया है। दूसरे नंबर पर हिंदी डब वर्जन आता है, इसने भी 39 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की है।
दो दिनों में ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ की 109 करोड़ से ज्यादा की कमाई के साथ बॉलीवुड की ब्लॉकबस्टर फिल्मों धुरंधर और डंकी का कलेक्शन काफी पीछे रह गया है। बताते चलें कि ‘धुरंधर’ ने रिलीज़ के पहले दो दिनों में 60 करोड़ जबकि ‘डंकी’ ने दो दिनों में 50 करोड़ से भी कम की कमाई की थी।
डेस्टिन डैनियल क्रेटन की डायरेक्ट की गई इस फ़िल्म में सैडी सिंक, मार्क रफालो और जॉन बर्नथल भी अहम भूमिकाओं में हैं। ‘ब्रांड न्यू डे’ फिल्म में पीटर पार्कर एक ऐसी दुनिया में स्पाइडर-मैन के तौर पर पूरी तरह अकेले रह रहे हैं जो उन्हें याद नहीं रखती। मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स की इस फिल्म ‘ब्रांड न्यू डे’ में टॉम हॉलैंड स्पाइडर-मैन यानी पीटर पार्कर की भूमिका में हैं। वहीँ फिल्म में ज़ेंडया एमजे के तौर पर और जैकब बैटलन नेड के तौर पर वापसी की है।