एनटीए ने नागरिकों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि या धोखाधड़ी की सूचना राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर देने की अपील की है।
केंद्र सरकार ने मैसेजिंग प्लेटफॉर्म टेलीग्राम पर 22 जून तक अस्थायी प्रतिबंध लगा दिया है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की सिफारिश पर यह कदम उठाया गया है। इसके तहत परीक्षा संबंधी में धोखाधड़ी पर रोक लगाने के लिए सर्कार ने यह कदम उठाया है। यह कदम NEET (UG) 2026 पुनर्परीक्षा से पहले कथित पेपर लीक, गलत सूचनाओं और नकल माफिया की गतिविधियों को रोकने के लिए उठाया गया है।
यह प्रतिबंध परीक्षा दिवस और उसके बाद की संवेदनशील अवधि को ध्यान में रखकर लगाया गया है। डीडी न्यूज़ के मुताबिक़, एनटीए के अनुसार, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 69ए के तहत आदेश जारी करते हुए भारत में टेलीग्राम की पहुंच को 22 जून तक सीमित कर दिया है।
एनटीए ने नागरिकों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि या धोखाधड़ी की सूचना राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर देने की अपील की है।
भारत में टेलीग्राम को 30 जून तक अपने मैसेज एडिटिंग फीचर को निष्क्रिय करने का निर्देश दिया गया है। खबर के मुताबिक़, एनटीए का कहना है कि अतीत में इस फीचर का दुरुपयोग कर परीक्षा समाप्त होने के बाद प्रश्नपत्र अपलोड कर उन्हें पुराने समय की पोस्ट के रूप में दिखाया गया, जिससे फर्जी “पेपर लीक” के दावे किए गए।
एनटीए ने कहा कि यह निर्णय सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने और उन संगठित गिरोहों पर रोक लगाने के लिए लिया गया है जो कथित तौर पर अभ्यर्थियों को ठगने और परीक्षा प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास कर रहे थे।
एनटीए के अनुसार, I4C, राज्य पुलिस और अन्य एजेंसियों के सहयोग से टेलीग्राम पर संचालित कई चैनल, समूह और बॉट हटाए गए, जो कथित तौर पर परीक्षा से संबंधित फर्जी सेवाओं का प्रचार कर रहे थे।
एनटीए ने स्वीकार किया कि टेलीग्राम का उपयोग शिक्षा, व्यवसाय और व्यक्तिगत संवाद के लिए बड़ी संख्या में लोग करते हैं। एजेंसी ने आम उपयोगकर्ताओं को होने वाली असुविधा पर खेद व्यक्त किया, लेकिन कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए यह कदम आवश्यक था।
गौरतलब है कि एजेंसी ने छात्रों और अभिभावकों को आश्वस्त किया कि NEET (UG) 2026 पुनर्परीक्षा 21 जून को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित होगी। साथ ही उम्मीदवारों से अपील की गई है कि वे केवल एनटीए के आधिकारिक माध्यमों से प्राप्त सूचनाओं पर भरोसा करें और किसी भी अपुष्ट दावे से बचें।