उत्तर प्रदेश में मानसून का इंतिज़ार कर रहे लोगों को कुछ और इंतजार करना होगा- आईएमडी

देश के अधिकतर हिस्से इस समय भीषण गर्मी से जूझने के साथ मानसून की ओर टकटकी लगाए देख रहे हैं। ऐसे में मौसम विभाग की तरफ से राहत भरी खबर आई है। मौसम विभाग की और से मिली जानकारी में कहा दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने फिर रफ्तार पकड़ ली है। साथ ही इसके आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड और बिहार के कई हिस्सों में आगे बढ़ने की भी खबर है मौसम विभाग ने दी है।

मौसम विभाग की तरफ से उत्तर प्रदेश सहित बिहार और दिल्ली के अलावा 17 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। देशभर में मॉनसून के रफ्तार पकड़ने की खबर के साथ ही कई क्षेत्रों में 80 किमी/घंटा तक तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की गई है।

लखनऊ के मौसम की बात करें तो आज यहाँ भीषण गर्मी पड़ने वाला दिन है। मौसम सुबह से ही साफ रहने के साथ तेज धूप से झुलसती गर्मी और उमस बनी हुई है। दोपहर तक पारा आज अपने अधिकतम स्तर 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री के आसपास दर्ज किया जाएगा। आज पूरा दिन इस गर्मी से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है।

मानसून का इंतिज़ार कर रहे उत्तर प्रदेश के लोगों को कुछ और इंतजार करना होगा। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल राज्य में मानसून के आगे बढ़ने के लिए स्थिति अनुकूल नहीं हैं। इसलिए आने वाले कुछ दिनों तक झुलसाने वाली गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं।

आईएमडी द्वारा साझा जानकारी के मुताबिक़, उत्तर प्रदेश सहित उत्तराखंड,बिहार, हरियाणा, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, मिजोरम समेत देश के 17 राज्यों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, कई इलाकों में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी उम्मीद है।

मौसम विभाग की मानें तो उत्तर-पश्चिम भारत में कल के बाद एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से 20 जून के आस-पास बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, त्रिपुरा, महाराष्ट्र, तेलंगाना और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में आंधी और बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।

मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले सप्ताह में उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की उम्मीद है। इसके अलावा तेलंगाना और विदर्भ के कुछ हिस्सों में अगले 2 से 3 दिनों तक लू चलने का खतरा बना रहेगा।

मौसम विभाग द्वारा पश्चिमी उत्तर प्रदेश सहित राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में जोरदार आंधी के साथ बिजली गिरने और 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। विभाग ने 20 जून तक अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के कई क्षेत्रों में समुद्र में न जाने की सलाह भी दी है।

आईएमडी का कहना है कि आज के दिन लखनऊ, सीतापुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली और लखीमपुर खीरी में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। वहीँ उत्तर प्रदेश में 16 जून को मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, हापुड़, बागपत, बुलंदशहर, आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी की उम्मीद है।

पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कुछ हिस्सों में 17 जून को बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। जबकि 18 जून को पूरे प्रदेश में कहीं-कहीं बारिश की संभावना है। पश्चिमी यूपी में 19 जून को हल्की बारिश के संकेत के साथ पूर्वी यूपी में मौसम शुष्क रहने की सम्भावना जताई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *