प्रदेश में बढ़ते पारे के साथ अगले तीन दिनों तक बरक़रार रहेगी गर्मी

उत्तर प्रदेश एक बार फिर से झुलसाने वाली गर्मी प्रदेश की चपेट में है। प्रदेश में सोमवार से प्रचंड गर्मी का अलर्ट है। यहाँ के ज्यादातर जिलों में तपिश बढ़ने का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार अभी 3 दिनों के अंदर अधिकतम तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस की और अधिक बढ़ोत्तरी हो सकती है।

हालाँकि प्रदेश में पिछले 24 घंटों में इक्का दुक्का जगहों पर छुटपुट बूंदाबांदी भी हुई। इस बीच अधिकतम तापमान में वृद्धि हुई और तापमान लगभग 40 डिग्री सेल्सियस पार कर गया है जो कि सामान्य सामान्य से 2-3 डिग्री सेल्सियस अधिक है। वहीँ कल यानी मंगलवार से अगले तीन दिन यानी नाै जून से 11 जून के दाैरान उत्तर प्रदेश के ज्यादातर इलाकों के लू की चपेट में आने के संकेत भी मौसम विभाग ने दिए हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक़, 8 जून को पारा 40 डिग्री, 9 जून को 41 डिग्री, 10 जून को 43 डिग्री और 11 जून तक 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा। इस बीच बांदा एक बार फिर से सबसे अधिक गर्म जिला रहा और यहाँ तापमान 43 डिग्री सेल्सियस पार कर गया।

मौसम विज्ञान विभाग का कहना है कि सोमवार को तपिश में इज़ाफ़ा होगा और अधिकतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की जाएगी। अधिकतम तापमान 42 और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक़, 11 जून को नया पश्चिमी विक्षोभ आने की उम्मीद है। यह विक्षोभ भी उत्तर प्रदेश को प्रभावित कर सकता है, लेकिन इसके सशक्त होने की संभावना कम है। इससे नमी का प्रतिशत बढ़ेगा और 11 जून से हीट वेव पर ब्रेक लगेगा और पारा गिर सकता है।

इस बीच मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की उम्मीद जताई है। बारिश के अलावा जिन जिलों में तेज हवाएं चल सकती हैं, उनमें आजमगढ़, मऊ, देवरिया, जौनपुर, वाराणसी, संतकबीरनगर, मिर्जापुर, प्रयागराज, सोनभद्र, कौशांबी, प्रतापगढ़, अमेठी, अयोध्या और गोंडा के नाम शामिल हैं।

उत्तर प्रदेश में बीते दिन झांसी और बांदा सबसे गर्म जिले रहे। यहाँ अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक है। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान बिजनौर जिले में 20 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस कम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *