अप्रैल के बचे हुए दिनों में अब मौसम से कुछ राहत की उम्मीद है

उत्तर भारत बीते कई दिनों से भीषण गर्मी की चपेट में है। आखिरी दिनों में अप्रैल का महीना मई-जून जैसी तपिश लिये आया। मगर आज यूपी में मौसम बदलने के साथ जहाँ कुछ जिलों में लू का सामना होगा तो वहीँ पश्चिम यूपी के कुछ जिलों में आज से हल्की बारिश भी होगी। ऐसे में अब अप्रैल के बचे हुए दिनों में लू की परिस्थितियों से फाैरी ताैर पर राहत की उम्मीद है।

उत्तर प्रदेश इन दिनों 43 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ बेहद गर्म इलाक़ा रहा। रविवार 43 डिग्री सेल्सियस के साथ इस सीजन के सबसे गर्म दिन के ताैर पर दर्ज हुआ। इस तापमान में बीते तीन वर्ष में अप्रैल में गर्मी का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। इससे पहले अप्रैल 2022 में अधिकतम तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था और यह एक दशक में सर्वाधिक था।

उत्तर प्रदेश में अप्रैल के आखिरी सप्ताह में पड़ने वाली गर्मी ने लोगों का घर से निकलना मुश्किल कर दिया है। दोपहर नहीं सुबह से ही सड़कों पर सन्नाटा देखा जा रहा है। पूरब से पश्चिम तक चलने वाली गर्म हवाओं के चलते जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

रविवार को बांदा 46.6 डिग्री सेल्सियस के साथ लगातार दूसरे दिन प्रदेश में सबसे गर्म इलाक़ा रहा। वहीँ प्रयागराज में तापमान 45.7 डिग्री, अमेठी में 44.7 डिग्री और हमीरपुर में 44.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीँ ललितपुर में रविवार शाम होने वाली बूंदाबांदी से राहत की उम्मीद भी बंधी। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार देर रात या मंगलवार से पूरे प्रदेश में हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं।

सोमवार के लिए मौसम विभाग ने प्रदेश के 40 जिलों में लू की चेतावनी जारी की है।आंचलिक माैसम विज्ञान केंद्र लखनऊ से मिली जानकारी में कहा गया है कि नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 28 अप्रैल से पश्चिमी यूपी व तराई से शुरू होकर लगभग पूरे प्रदेश में हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं, जिससे तापमान में 3 से 5 डिग्री तक गिरावट आ सकती है।

आंचलिक माैसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी में कहा गया है कि 27 अप्रैल से सक्रिय होने वाले पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजधानी में बादलों की सक्रियता बढ़ेगी। इस दौरान 28 से 30 अप्रैल के बीच हल्की बूंदाबांदी होने से तापमान में 3 से 5 डिग्री तक की गिरावट के संकेत हैं। ऐसे में लू से फाैरी ताैर पर राहत मिलेगी। विभाग का यह भी कहना है कि हवा में नमी की माैजूदगी से आभासी गर्मी बनी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *