मैदानों में बारिश और पहाड़ों पर बर्फबारी के साथ ठंड ने दी दस्तक

उत्तर भारत में बीते दिन होने वाली बारिश का असर मौसम के बदलाव में महसूस किया जा सकता है। पहाड़ी और मैदानी इलाक़ों में बदले मौसम से गुलाबी सर्दियों ने दस्तक दे दी है। इसके साथ ही तापमान में बदलाव का सिलसिला भी शुरू हो गया है।

मैदानों में बारिश और पहाड़ों पर बर्फबारी के साथ ठंड ने दी दस्तक

कल दिनभर रुक-रुक कर होने वाली बारिश और ठंडी हवाओं के चलते अधिकतम तापमान लगभग 7 डिग्री सेल्सियस तक गिरकर 30 डिग्री सेल्सियस से 23 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच गया।

मौसम की इस करवट से उत्तर भारत में जहां पहाड़ी राज्यों कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में सीजन की पहली बर्फबारी दर्ज की गई है, वहीं दूसरी ओर दिल्ली-एनसीआर सहित मैदानी इलाकों में लगातार हो रही बारिश ने मैदानी इलाक़ों को भी ठंड की आहट करा दी है।

6 अक्टूबर को लखनऊ सहित उत्तर भारत के अधिकतर इलाक़ों में बारिश के बाद मौसम पूरी तरह बदल गया। मौसम के इस बदलाव का असर सिर्फ तापमान के साथ वायु गुणवत्ता पर भी पड़ा है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, आज लखनऊ का एक्यूआई 95 है जो बेहतर के संकेत दे रहा है।

पश्चिमी विक्षोभ के चलते उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी रहने की संभावना है, जिसका असर मैदानी इलाकों में भी पड़ेगा। मौसम विभाग का कहना है कि आज भी प्रदेश में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। आने वाले दिनों के बारे में अनुमान जताते हुए विभाग ने कहा है कि 8 से 12 अक्टूबर के बीच बादल छाए रहेंगे और धूप के साथ लुकाछिपी का माहौल रहेगा।

विभाग से मिली सूचना के मुताबिक़, कश्मीर सहित केदारनाथ धाम, हिमाचल और ऊंचाई वाले इलाकों में सीजन की पहली बर्फबारी ने ठंड को और बढ़ा दिया है। बर्फबारी के साथ यहाँ घूमने पहुंचे पर्यटकों का आना भी शुरू हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *