इस्लामाबाद : पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और दिग्गज ऑल राउंडर शाहिद अफरीदी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का एलान कर दिया है। Shahid
अफरीदी ने रविवार (19 फरवरी) को अपने 21 साल के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कॅरियर पर विराम लगाने की घोषणा की। उन्होंने टेस्ट और वनडे क्रिकेट को पहले ही अलविदा कह दिया था।
लेकिन टी20 क्रिकेट खेल रहे थे और पिछले साल भारत में हुई वर्ल्ड टी20 चैंपियनशिप में पाकिस्तान की कप्तानी भी की थी।
इस टूर्नामेंट के बाद उन्होंने कप्तानी छोड़ दी थी लेकिन खेलते रहने की बात की थी।
वे 1996 में श्रीलंका के खिलाफ 37 गेंद में शतक लगाकर सुर्खियों में आए थे। यह कारनामा उन्होंने अपने दूसरे ही वनडे में कर दिया था। यह रिकॉर्ड 17 साल तक बरकरार रहा था।
धीरे-धीरे उनके बल्ले की धार कुंद होती गई। लेकिन उन्होंने गेंद से जादू बिखेरना शुरू कर दिया। कॅरियर के ढलान में उन्होंने बॉलिंग के जरिए टीम को जीत दिलाईं। इसमें साल 2009 का वर्ल्ड टी20 जीतना भी शामिल है।
अफरीदी ने 27 टेस्ट में 1176 रन बनाए और 48 विकेट झटके। उनका सर्वोच्च स्कोर 156 रन है। वहीं 398 वनडे में उन्होंने 8064 रन बनाए और 395 विकेट लिए।
टी20 क्रिकेट में अफरीदी ने 1405 रन बनाए और 97 विकेट लिए। वनडे क्रिकेट में सर्वाधिक छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी शाहिद अफरीदी के ही नाम है।